स्क्वैश विश्व कप में भारत की धमाकेदार शुरुआत, स्विट्जरलैंड को 4-0 से शिकस्त

भारत ने स्क्वैश विश्व कप 2025 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए ग्रुप बी के पहले मुकाबले में स्विट्जरलैंड को 4-0 से हराया। एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल में खेले गए इस मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने चारों मुकाबले जीतकर दबदबा दिखाया।
पहले मैच में भारत के नेशनल चैंपियन और विश्व रैंकिंग में 45वें स्थान पर मौजूद वेलावन सेंथिलकुमार ने स्विट्जरलैंड के रॉबिन गडोला को 3-0 (7-6, 7-6, 7-5) से हराया। वेलावन ने शुरुआत से ही शानदार नियंत्रण बनाकर भारत को बढ़त दिलाई।
दूसरे मैच में 17 वर्षीय अनाहत सिंह ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सेलिन वाल्सर को 3-0 (7-1, 7-4, 7-2) से मात दी। दूसरे सेट में वाल्सर ने वापसी करने की कोशिश की, लेकिन अनाहत ने बेहतरीन कौशल के साथ मैच अपने नाम किया। अनाहत इस विश्व कप की सबसे कम उम्र की खिलाड़ी हैं।
तीसरे मैच में भारत के शीर्ष रैंक वाले खिलाड़ी अभय सिंह ने लुई हाफेज को 3-0 (7-0, 7-5, 7-3) से हराकर टीम की बढ़त 3-0 कर दी। उन्होंने शुरुआत से ही मैच पर मजबूत पकड़ रखी।
अनुभवी जोशना चिनप्पा ने चौथे मुकाबले में स्टेला कॉफमैन को 3-1 (7-1, 5-7, 7-2, 7-0) से मात देकर भारतीय टीम की जीत को 4-0 से पूर्ण किया। दूसरे गेम में हार के बाद भी चिनप्पा ने शानदार वापसी की।
जीत के बाद भारतीय खिलाड़ी हरिंदर पाल संधू ने कहा कि पहला मैच हमेशा तनावभरा होता है, लेकिन घरेलू दर्शकों के समर्थन ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने आगे के मैचों में भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
स्क्वैश विश्व कप में पिछले चैंपियन इजिप्ट और उपविजेता मलेशिया सहित 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट में चार ग्रुप बनाए गए हैं, जिनमें से प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें क्वार्टर-फाइनल में पहुंचेंगी।
