उद्यम पोर्टल पर 7 करोड़ से अधिक एमएसएमई पंजीकृत, 31 करोड़ लोगों को मिला रोजगार: जीतन राम मांझी

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री जीतन राम मांझी ने बताया है कि अब तक उद्यम पोर्टल पर देशभर में 7 करोड़ से अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम पंजीकृत किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लगभग 31 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने यह जानकारी आज राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए दी।
मंत्री ने कहा कि उद्यम पोर्टल की शुरुआत वर्ष 2020 में की गई थी, जिसका उद्देश्य लोगों को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम स्थापित करने में सहायता देना है। इस पोर्टल के जरिए उद्यमियों को पंजीकरण के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
जीतन राम मांझी ने सदन को बताया कि मंत्रालय द्वारा अब तक 10 लाख से अधिक लोगों को अनुदान (ग्रांट) प्रदान किया गया है, जबकि एक करोड़ से अधिक लोगों को छोटे उद्यम शुरू करने के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि इन पहलों के माध्यम से सरकार लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में मदद कर रही है।
एमएसएमई मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि विश्वकर्मा योजना के तहत अब तक 12 लाख कारीगरों को लाभ पहुंचाया जा चुका है। साथ ही सरकार ने वर्ष 2028 के अंत तक लगभग 30 लाख कारीगर परिवारों को इस योजना का लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
