पश्चिम बंगाल को विकास की नई रफ्तार, पीएम मोदी ने हुगली में एक्सटेंडेड पोर्ट गेट सिस्टम का किया शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के बालागढ़ में एक्सटेंडेड पोर्ट गेट सिस्टम का शिलान्यास किया, जिसमें इनलैंड वॉटर ट्रांसपोर्ट टर्मिनल और रोड ओवर ब्रिज का निर्माण शामिल है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री ने हुगली जिले के सिंगूर में 830 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वी भारत के विकास के लिए केंद्र सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है और पश्चिम बंगाल इसमें अहम भूमिका निभा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूर्वी भारत का सशक्त होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले वह मालदा में थे और आज हुगली में इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य के विकास को नई दिशा देने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में पश्चिम बंगाल को कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं की सौगात मिली है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत पश्चिम बंगाल से हुई है, वहीं राज्य को करीब आधा दर्जन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें भी मिली हैं। इसके अलावा रविवार को तीन और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत की गई।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 24 घंटों में पश्चिम बंगाल की रेल कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व विस्तार देखने को मिला है। काशी, दिल्ली और तमिलनाडु जैसे प्रमुख क्षेत्रों के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत से राज्य की कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि काशी को बंगाल से जोड़ने वाली ट्रेन उनके संसदीय क्षेत्र के लिए भी विशेष महत्व रखती है और यह संपर्क व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देगा।
प्रधानमंत्री ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट की क्षमता विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने इस पोर्ट के विकास पर बड़े पैमाने पर निवेश किया है। सागरमाला योजना के तहत सड़क और जलमार्ग कनेक्टिविटी को बेहतर बनाया गया है, जिसके चलते कोलकाता पोर्ट ने हाल के वर्षों में कार्गो हैंडलिंग के नए रिकॉर्ड बनाए हैं। बालागढ़ में बनने वाला एक्सटेंडेड पोर्ट गेट सिस्टम हुगली और आसपास के क्षेत्रों के लिए नए आर्थिक अवसर पैदा करेगा, साथ ही कोलकाता शहर में ट्रैफिक और लॉजिस्टिक दबाव को भी कम करेगा।
उन्होंने कहा कि गंगा नदी पर विकसित जलमार्ग से कार्गो मूवमेंट में और तेजी आएगी और देश में मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। पोर्ट, नदी जलमार्ग, हाइवे और एयरपोर्ट को आपस में जोड़कर बाधारहित और हरित परिवहन व्यवस्था विकसित की जा रही है। पीएम मोदी ने हाइब्रिड इलेक्ट्रिक नौकाओं और नदी-जलमार्ग विकास को लेकर कहा कि इससे हुगली क्षेत्र में हरित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा, प्रदूषण कम होगा और नदी आधारित पर्यटन को नई ऊर्जा मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मत्स्य पालन और समुद्री खाद्य उत्पादन व निर्यात के क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और पश्चिम बंगाल इस क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर सकता है। केंद्र सरकार नदी-जलमार्गों के विकास में राज्य को पूरा सहयोग दे रही है, जिससे किसानों और मछुआरों दोनों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये सभी परियोजनाएं पश्चिम बंगाल के समग्र विकास को नई गति देंगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगी।
