डब्ल्यूपीएल में आरसीबी का दमदार प्रदर्शन, दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराया

महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से मात दी। नवी मुंबई के डॉ. डी.वाई. पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही पूरी तरह हावी नजर आईं।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम आखिरी गेंद पर 166 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। दिल्ली की ओर से सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने आक्रामक अंदाज में 62 रनों की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सके। आरसीबी की गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा, जिसमें लॉरेन बेल और सायली सतघरे ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि प्रेमा रावत ने दो अहम सफलताएं हासिल कीं।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम की कप्तान स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 96 रनों की दमदार पारी खेली और मैच को पूरी तरह अपनी टीम के पक्ष में मोड़ दिया। उनके साथ जॉर्जिया वोल ने नाबाद 54 रन बनाते हुए टीम को 18.2 ओवरों में ही जीत दिला दी। स्मृति मंधाना को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत के साथ आरसीबी ने अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स की टीम तालिका में पिछड़ती हुई नजर आ रही है।
इससे पहले खेले गए एक अन्य मुकाबले में यूपी वॉरियर्स ने मुंबई इंडियंस को 22 रनों से हराकर अहम जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी वॉरियर्स ने 20 ओवरों में आठ विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 165 रन ही बना सकी। यूपी वॉरियर्स की सलामी बल्लेबाज मेग लैनिंग ने 70 रनों की शानदार पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
डब्ल्यूपीएल का दूसरा चरण अब गुजरात के वडोदरा स्थित बीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत कल से होगी। इस चरण के पहले मुकाबले में गुजरात जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने होंगी। यह मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा और दर्शकों को एक और रोमांचक मुकाबले की उम्मीद रहेगी।
