पीएम मोदी का जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान दौरा: द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देने की तैयारी

PM

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 से 18 दिसंबर, 2025 के बीच जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। यह तीन देशों का दौरा प्रधानमंत्री को प्राप्त आमंत्रणों के क्रम में हो रहा है, जिसका उद्देश्य द्विपक्षीय सहयोग को सुदृढ़ करना और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करना है।

यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री मोदी जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय बिन अल हुसैन के निमंत्रण पर 15–16 दिसंबर को जॉर्डन पहुंचेंगे। इस दौरान दोनों नेता भारत–जॉर्डन संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय मुद्दों पर वैचारिक आदान-प्रदान करेंगे। यह यात्रा भारत और जॉर्डन के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है, जो साझा विकास, समृद्धि और क्षेत्रीय शांति के प्रति दोनों देशों की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।

दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी 16–17 दिसंबर को इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबीय अहमद अली के निमंत्रण पर इथियोपिया का दौरा करेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की पहली इथियोपिया यात्रा होगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर व्यापक चर्चा की जाएगी। ग्लोबल साउथ के साझेदारों के रूप में यह यात्रा भारत और इथियोपिया के बीच मित्रता और सहयोग को और प्रगाढ़ बनाने का अवसर प्रदान करेगी।

यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी 17–18 दिसंबर को ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक के निमंत्रण पर ओमान जाएंगे। यह उनकी ओमान की दूसरी यात्रा होगी। भारत और ओमान के बीच सदियों पुरानी मित्रता और मजबूत सामरिक साझेदारी है। यह यात्रा दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने तथा दिसंबर 2023 में ओमान के सुल्तान के भारत दौरे के बाद हो रही है।

ओमान यात्रा के दौरान व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा, सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, कृषि और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की जाएगी, साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed