मालदा से विकास की नई रफ्तार, पीएम मोदी ने 3250 करोड़ की परियोजनाओं और नई ट्रेनों की सौगात दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल के मालदा में 3,250 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर राज्य को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन नई ट्रेनों से पश्चिम बंगाल में रेल संपर्क और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, वहीं उत्तर बंगाल का दक्षिण और पश्चिमी भारत से सीधा जुड़ाव और बेहतर होगा।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की प्रगति को मालदा से नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं और रेल सेवाओं से युवाओं के लिए यात्रा आसान होगी, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने अमृत भारत एक्सप्रेस को विकसित भारत की परिकल्पना का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह ट्रेन ‘मेड इन इंडिया’ पहल के तहत देश की बढ़ती तकनीकी क्षमता को भी दर्शाती है।
प्रधानमंत्री के आज के दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ रहा। यह आधुनिक ट्रेन पश्चिम बंगाल के हावड़ा और असम के गुवाहाटी के बीच चलेगी और लंबी दूरी की यात्राओं को अधिक आरामदायक और सुविधाजनक बनाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि रेलवे के विद्युतीकरण, स्टेशनों के पुनर्निर्माण और देशभर में चल रही 150 से अधिक वंदे भारत ट्रेनों से गरीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों को सीधा लाभ मिल रहा है और देश का रेल नेटवर्क तेज़ी से आधुनिक बन रहा है।
