पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा की सुपरहिट जोड़ी की वापसी, ‘राहु केतु’ ने सिनेमाघरों में मचाया जादू
पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा की लोकप्रिय और हिट जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट आई है। उनकी नई फिल्म ‘राहु केतु’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और रिलीज के साथ ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में फिल्माई गई यह कहानी सिर्फ हंसी-मजाक तक सीमित नहीं है, बल्कि दोस्ती, जादू और अजीबोगरीब हालातों से भरे एक दिलचस्प सफर को दिखाती है।
निर्देशक विपुल विज ने इस फिल्म में साधारण लेकिन प्रभावशाली लेखन के जरिए एक अलग ही दुनिया रचने की कोशिश की है। कहानी का केंद्र एक रहस्यमयी ‘फूफाजी’ और उनकी जादुई किताब है, जो घटनाओं को ऐसा मोड़ देती है कि दर्शक हंसी के साथ-साथ कहानी में भी पूरी तरह डूब जाते हैं। फिल्म का हास्य शोर-शराबे वाली कॉमेडी से हटकर सिचुएशनल और नेचुरल है, जो लंबे समय तक असर छोड़ता है।
वरुण शर्मा की मासूमियत और कॉमिक टाइमिंग एक बार फिर दर्शकों का दिल जीतती है, वहीं पुलकित सम्राट अपनी चुलबुली अदाकारी से कहानी में जान डालते हैं। दोनों की केमिस्ट्री फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरती है। संवाद, लोकेशन और हल्का-फुल्का जादुई टच फिल्म को फैमिली ऑडियंस के लिए भी खास बनाता है।
अगर आप इस वीकेंड कुछ अलग, फ्रेश और हल्की-फुल्की मनोरंजक फिल्म देखने का मन बना रहे हैं, तो ‘राहु केतु’ एक बेहतर विकल्प साबित हो सकती है। यह फिल्म हंसी के साथ दोस्ती और कल्पना की दुनिया में ले जाने का वादा करती है।
