आर्थिक सर्वेक्षण के बाद बाजार में जोरदार वापसी, सेंसेक्स-निफ्टी 0.3 फीसदी बढ़त के साथ बंद

BSC--SENSAX
Share this post

घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी ने आज उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद मजबूती के साथ कारोबार समाप्त किया। शुरुआती सत्र में बाजार सपाट खुला, लेकिन कुछ ही देर में बिकवाली के दबाव के चलते दोनों सूचकांक लाल निशान में चले गए। हालांकि, दोपहर बाद आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 जारी होने के बाद निवेशकों का भरोसा बढ़ा और बाजार में तेज़ रिकवरी देखने को मिली।

कारोबार के अंत में सेंसेक्स 222 अंकों की बढ़त के साथ 82,566 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 76 अंक चढ़कर 25,419 पर पहुंच गया। बाजार की तेजी में मेटल, पावर और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों का खास योगदान रहा, जिनमें अच्छी खरीदारी देखने को मिली। आर्थिक सर्वेक्षण में विकास और निवेश से जुड़े सकारात्मक संकेतों ने निवेशकों की धारणा को सहारा दिया।

विदेशी मुद्रा बाजार में आज रुपये पर दबाव देखने को मिला। रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 17 पैसे कमजोर होकर 91 रुपये 95 पैसे पर कारोबार करता नजर आया। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी भी रुपये की चाल को प्रभावित करती दिखी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड करीब 1.9 फीसदी उछाल के साथ 69 डॉलर 75 सेंट प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड में 2.1 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई और यह 64 डॉलर 53 सेंट प्रति बैरल पर पहुंच गया।

घरेलू सर्राफा बाजार में भी कीमती धातुओं के भाव मजबूत रहे। 24 कैरेट सोना 1,75,980 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि 999 फाइन चांदी की कीमत बढ़कर 4,07,070 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *