चंडीगढ़ में दक्षिण कोरिया के प्रतिनिधिमंडल के साथ अहम बैठक, कृषि सहयोग को नई दिशा देने पर मंथन
आज चंडीगढ़ में पंजाब सरकार के साथ कोरिया गणराज्य के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्मार्ट फार्मिंग, आधुनिक कृषि मशीनरी और बायोटेक्नोलॉजी जैसे विषयों पर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकों के उपयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान पर सहमति व्यक्त की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पंजाब और दक्षिण कोरिया के बीच आपसी सहयोग को मजबूत कर कृषि को एक लाभकारी और टिकाऊ व्यवसाय के रूप में विकसित करना रहा। प्रतिनिधिमंडल को पंजाब की कृषि क्षमता, उपजाऊ भूमि और प्रगतिशील किसानों के बारे में जानकारी दी गई, वहीं कोरियाई पक्ष ने अत्याधुनिक तकनीकों और नवाचारों में सहयोग की संभावनाओं पर सकारात्मक रुख दिखाया।
कोरियाई प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और यहां के अनुकूल कार्य वातावरण की भी सराहना की। इस अवसर पर उन्हें 13 से 15 मार्च 2026 तक मोहाली में आयोजित होने वाले Progressive Punjab Investors’ Summit 2026 में भाग लेने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया। यह शिखर सम्मेलन राज्य में निवेश, तकनीकी साझेदारी और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।
