अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डर प्रतिभा थपलियाल को सीएम धामी ने किया सम्मानित, महिला सशक्तिकरण की मिसाल बताया

Untitled-2
Share this post

उत्तराखण्ड की बेटी और अंतरराष्ट्रीय महिला बॉडी बिल्डर प्रतिभा थपलियाल को उनकी उल्लेखनीय खेल उपलब्धियों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और गमला भेंट कर सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभा की सफलता को प्रदेश की मातृशक्ति के गौरव से जोड़ते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभा थपलियाल की उपलब्धियां विशेष रूप से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाली बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि संकल्प मजबूत हो तो किसी भी क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की मातृशक्ति खेलों के साथ-साथ विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों में भी अपने करियर की संभावनाएं तलाश रही है, जो उत्तराखण्ड के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

धामी ने उत्तराखण्ड की मातृप्रधान परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि पहाड़ की महिलाएं हमेशा से कृषि, सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन की धुरी रही हैं। समय-समय पर राज्य की महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा, खेल और सुशासन जैसे क्षेत्रों में देश-दुनिया का मार्गदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी मातृशक्ति पर गर्व है और सरकार प्रतिभाशाली महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जो महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं, उन्हें राजकीय सेवाओं में अवसर देने का प्रयास किया जाएगा ताकि वे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकें।

43 वर्षीय प्रतिभा थपलियाल ने वर्ष 2023 में राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। एशियाई बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया। तेलंगाना के करीमनगर में आयोजित राष्ट्रीय महिला बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। महिला विश्व चैंपियनशिप और एशिया चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली वह अग्रणी भारतीय महिला बॉडी बिल्डरों में शामिल हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उत्तराखण्ड बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। सम्मान समारोह में राज्य आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *