कानून व्यवस्था पर सीएम भगवंत मान की हाईलेवल बैठक,
पंजाब के मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ में कानून व्यवस्था को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में राज्य भर के पुलिस कमिश्नर, सभी जिलों के एसएसपी और पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य में कानून व्यवस्था को और मजबूत करना तथा चल रहे विशेष अभियानों की समीक्षा करना था।
बैठक के दौरान ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ और ‘गैंगस्टरां ते वार’ जैसे अभियानों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नशा तस्करी और गैंगस्टर गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंजाब को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सीएम ने पुलिस अधिकारियों से जमीनी स्तर पर बेहतर समन्वय और खुफिया तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध और नशे के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार करने के लिए तकनीक, निगरानी और सख्त प्रवर्तन को और प्रभावी बनाया जाए।
बैठक में कानून व्यवस्था की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करते हुए भविष्य की रणनीति भी तय की गई, ताकि प्रदेश में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रखा जा सके। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि आम नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।
