गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के लिए रेलवे पार्सल बुकिंग पर चार दिन की अस्थायी रोक

देश की राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के लिए पार्सल बुकिंग पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। इस फैसले के तहत भोपाल रेल मंडल सहित देश के सभी संबंधित रेल मंडलों से दिल्ली के लिए किसी भी प्रकार का पार्सल नहीं भेजा जा सकेगा। भोपाल रेल मंडल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार सुरक्षा कारणों से यह प्रतिबंध चार दिनों के लिए लागू किया गया है और इसका पालन सभी मंडलों में समान रूप से किया जाएगा।
रेलवे के निर्देशों के मुताबिक 23 जनवरी से 26 जनवरी तक दिल्ली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रमुख रेलवे स्टेशनों नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली सराय रोहिल्ला और आदर्श नगर दिल्ली के लिए पार्सल का लेन-देन पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि के दौरान पार्सल गोदामों का संचालन भी स्थगित रहेगा और रेलवे पार्सल पैकेजिंग से जुड़ी सभी गतिविधियां रोक दी जाएंगी।
इसके साथ ही रेलवे ने स्पष्ट किया है कि लीज पर दिए गए एसएलआर, एजीसी और वीपीएस के माध्यम से होने वाले अंदर और बाहर के सभी प्रकार के पार्सल ट्रैफिक पर भी इस दौरान रोक रहेगी। यात्रियों को केवल व्यक्तिगत उपयोग का सामान ही यात्री कोचों में ले जाने की अनुमति दी जाएगी। हालांकि पंजीकृत समाचार पत्रों और पत्रिकाओं की बुकिंग संबंधित वाणिज्यिक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद ही की जा सकेगी।
रेलवे के अनुसार यह आदेश देश के सभी रेल मंडलों और क्षेत्रीय जोनों से दिल्ली क्षेत्र में रुकने वाली ट्रेनों की लोडिंग और अनलोडिंग गतिविधियों पर भी समान रूप से लागू होगा। गणतंत्र दिवस जैसे विशेष अवसरों पर सुरक्षा को लेकर रेलवे द्वारा अन्य व्यापक इंतजाम भी किए जाते हैं और इसी क्रम में विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया जाता है।
