रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ से बौखलाया पाकिस्तान, कराची कोर्ट में मेकर्स के खिलाफ केस की मांग

रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों जबरदस्त चर्चा में है। एक तरफ जहां यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है, वहीं दूसरी ओर इसका असर पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी देखने को मिल रहा है। फिल्म को लेकर पाकिस्तान में इस कदर नाराजगी सामने आई है कि मामला सीधे कोर्ट तक पहुंच गया है।
अक्षय खन्ना, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे दमदार कलाकारों से सजी इस फिल्म को लेकर पाकिस्तान के कराची की एक जिला अदालत में याचिका दायर की गई है। इस याचिका में ‘धुरंधर’ के निर्देशक, निर्माता और फिल्म से जुड़े अन्य टीम सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की गई है।
मामला कराची की अदालत में आवेदन दाखिल करने वाले मोहम्मद आमिर से जुड़ा है, जिसने खुद को पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) का कार्यकर्ता बताया है। याचिकाकर्ता का आरोप है कि फिल्म के ट्रेलर में PPP को आतंकवाद के प्रति सहानुभूति रखने वाली पार्टी के रूप में दर्शाया गया है। इसके साथ ही कराची के ल्यारी इलाके को “आतंकवादी युद्ध क्षेत्र” के तौर पर पेश किया गया है, जो उसके अनुसार गलत, अपमानजनक और भड़काऊ है।
याचिका में दावा किया गया है कि इस तरह के चित्रण से पाकिस्तान और वहां की राजनीतिक पार्टियों की छवि को नुकसान पहुंचता है और आम लोगों की भावनाएं आहत होती हैं। इसी आधार पर फिल्म के मेकर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
हालांकि भारत में फिल्म ‘धुरंधर’ को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म की कहानी, निर्देशन और कलाकारों की दमदार परफॉर्मेंस की खूब सराहना हो रही है। वहीं पाकिस्तान में उठे इस विवाद ने फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सुर्खियों में ला दिया है।
