रेड सी फिल्म फेस्टिवल में सलमान खान का बेबाक अंदाज़, बोले– “मैं खुद को महान एक्टर नहीं मानता”

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान हाल ही में जेद्दा में आयोजित रेड सी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2025 में शामिल हुए, जहां उन्होंने अपने बेबाक और आत्ममंथन भरे बयान से सबका ध्यान खींचा। इस ग्लोबल इवेंट के दौरान बातचीत में सलमान खान ने कहा कि वह खुद को कोई महान अभिनेता नहीं मानते हैं। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
रेड सी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल से सलमान खान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपनी एक्टिंग स्किल्स पर खुलकर बात करते नजर आ रहे हैं। सलमान ने कहा, “इस जनरेशन से तो एक्टिंग ही चली गई है, इसलिए मुझे नहीं लगता कि मैं कोई बहुत ही कमाल का एक्टर हूं। आप मुझे कुछ भी करते हुए पकड़ सकते हैं, लेकिन एक्टिंग करते हुए नहीं। जैसा फील होता है, वैसा ही करता हूं।”
जब कार्यक्रम के होस्ट ने दर्शकों से पूछा कि क्या वे सलमान खान की इस बात से सहमत हैं, तो पूरी ऑडियंस ने एक सुर में असहमति जताई। इस पर सलमान ने मजाकिया अंदाज में कहा, “कभी-कभी जब मैं स्क्रीन पर रोता हूं, तो मुझे लगता है कि आप लोग मुझ पर हंस देते हो।” इस पर फैंस ने तुरंत जवाब दिया, “नहीं, नहीं, हम भी आपके साथ रोते हैं।” इस भावुक पल ने वहां मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान पिछली बार फिल्म ‘सिकंदर’ में नजर आए थे। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी, लेकिन दुनियाभर में करीब 200 करोड़ रुपये का बिजनेस करने में सफल रही। इसके बाद उन्होंने आर्यन खान की डेब्यू वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में कैमियो किया। हाल ही में सलमान रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ को होस्ट करते हुए भी नजर आए, जिसका समापन पिछले हफ्ते हुआ।
इन दिनों सलमान खान अपनी आगामी फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर सुर्खियों में हैं। यह एक वॉर ड्रामा एक्शन फिल्म है, जो साल 2020 में भारत-चीन के बीच गलवान घाटी में हुई झड़प पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लखिया कर रहे हैं और इसमें चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में दिखाई देंगी।
