बिहार में ठंड बढ़ने के आसार, न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिरने की चेतावनी, कोहरे से ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित

bihar-weather

बिहार में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की चेतावनी देते हुए लोगों से पूरी सावधानी बरतने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के बाद राज्य में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। फिलहाल न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, लेकिन आने वाले दिनों में यह पांच डिग्री तक भी गिर सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि ठंड को देखते हुए घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े जरूर पहनें और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी गाइडलाइनों का सख्ती से पालन करें। विशेषज्ञों के मुताबिक, दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट होगी, जिससे ठंड का असर और तेज महसूस किया जाएगा। हालांकि पछुआ हवा की रफ्तार में कुछ कमी आई है, लेकिन इसके बावजूद ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगले सात दिनों तक बिहार में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, अगले दो से तीन दिनों के दौरान राज्य के एक-दो स्थानों पर सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। कोहरे का असर खासकर सड़क और रेल यातायात पर देखने को मिल रहा है।

आज के मौसम की बात करें तो पटना में सुबह धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली और लोग धूप सेंकते नजर आए। वहीं कैमूर, बेगूसराय समेत कई जिलों में घने कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। दिल्ली से आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। पूर्वा एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस करीब सवा घंटे की देरी से चल रही हैं। जयनगर गरीब रथ एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, फरक्का एक्सप्रेस लगभग चार घंटे और विभूति एक्सप्रेस करीब पांच घंटे की देरी से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed