एसबीआई ने लॉन्च किया ‘चक्र’ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, उभरते क्षेत्रों को मिलेगी वित्तीय मजबूती
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने भारत की आर्थिक रूपांतरण यात्रा को गति देने के उद्देश्य से ‘चक्र’ नाम से एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत की है। यह पहल देश के उन सनराइज सेक्टर्स को वित्तीय सहयोग देने पर केंद्रित होगी, जो भविष्य की अर्थव्यवस्था के प्रमुख स्तंभ के रूप में उभर रहे हैं।
यह सेंटर एक ज्ञान आधारित मंच के रूप में काम करेगा, जहां अगली पीढ़ी की तकनीक पर आधारित और सतत विकास को बढ़ावा देने वाले उद्योगों के लिए फंडिंग को आसान बनाया जाएगा। चक्र सेंटर का उद्घाटन मुंबई में वित्तीय सेवा विभाग के सचिव एम नागराजू ने एसबीआई के चेयरमैन चल्ला श्रीनिवासुलु शेट्टी की उपस्थिति में किया।
उद्घाटन के दौरान एम नागराजू ने कहा कि यह सेंटर ज्ञान साझा करने, परियोजना मूल्यांकन, क्षमता निर्माण और साक्ष्य आधारित नीति संवाद के लिए एक समन्वित इकोसिस्टम तैयार करेगा। इससे भारत की विकसित भारत 2047 की यात्रा को उल्लेखनीय गति मिलेगी और दीर्घकालिक आर्थिक लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी।
चक्र सेंटर ऑफ एक्सीलेंस आठ प्रमुख सनराइज सेक्टर्स पर विशेष ध्यान देगा, जिनमें नवीकरणीय ऊर्जा, एडवांस्ड सेल केमिस्ट्री और बैटरी स्टोरेज, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, ग्रीन हाइड्रोजन, सेमीकंडक्टर्स, डीकार्बनाइजेशन, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं। ये क्षेत्र भारत की आर्थिक भविष्य की दिशा तय करने वाले प्रमुख चालक माने जा रहे हैं।
अनुमान है कि वर्ष 2030 तक इन क्षेत्रों में 100 लाख करोड़ रुपये से अधिक का पूंजी निवेश आकर्षित हो सकता है। एसबीआई का यह नया सेंटर इस बड़े पैमाने के निवेश को सुगम बनाने और उसे सक्षम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
