थाईलैंड मास्टर्स 2026 में देविका सिहाग फाइनल में पहुंचीं, भारत को महिला एकल में बड़ी सफलता
बैडमिंटन में भारत की उभरती खिलाड़ी देविका सिहाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए थाईलैंड मास्टर्स 2026 टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। बैंकॉक के निमिबुतर स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में देविका ने चीनी ताइपे की हुआंग यू हसुन को कड़े मुकाबले में 22-20, 21-13 से हराया। इस जीत के साथ देविका ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।
महिला एकल के एक अन्य मुकाबले में भारत की ईशरानी बरुआ को क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। ईशरानी ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग के खिलाफ अच्छी शुरुआत की, लेकिन अंततः वह 18-21, 21-16, 21-13 से मुकाबला गंवा बैठीं और टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।
वहीं पुरुष एकल में भारत की चुनौती क्वार्टरफाइनल चरण में ही समाप्त हो गई। थरुण मन्नेपल्ली को चीन के झू शुआन चेन के खिलाफ 11-21, 17-21 से हार झेलनी पड़ी। इसके साथ ही पुरुष एकल वर्ग में भारतीय अभियान का अंत हो गया।
थाईलैंड मास्टर्स में देविका सिहाग का फाइनल में पहुंचना भारतीय बैडमिंटन के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है और अब सभी की नजरें खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं।
