विज्ञान भवन में 14 मार्च को ‘एसएचई-बॉक्स’ राष्ट्रीय सम्मेलन, कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार का बड़ा कदम

w
Share this post

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय 14 मार्च को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा पर राष्ट्रीय सम्मेलन एसएचई-बॉक्स का आयोजन करने जा रहा है। यह सम्मेलन केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, राज्यों के प्रतिनिधि, आंतरिक स्थानीय समितियों के अध्यक्ष और सदस्य, नोडल अधिकारी, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि, उद्योग जगत से जुड़े लोग, नागरिक समाज और मीडिया के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

इस सम्मेलन का उद्देश्य सभी क्षेत्रों में महिलाओं के लिए सुरक्षित, गरिमापूर्ण और उत्पीड़न मुक्त कार्यस्थल सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराना है। साथ ही कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न रोकथाम, निषेध और निवारण अधिनियम 2013 के प्रभावी क्रियान्वयन को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा। मंत्रालय ने 29 अगस्त 2024 को एसएचई-बॉक्स पोर्टल को एक सुरक्षित और उपयोगकर्ता अनुकूल बहुभाषी सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म के रूप में लॉन्च किया था। यह पोर्टल ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने, संबंधित आंतरिक या स्थानीय समिति को स्वतः प्रेषित करने और रियल टाइम ट्रैकिंग की सुविधा देता है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होती है।

यह पोर्टल एक संसाधन केंद्र के रूप में भी काम करता है जहां संस्थान अपनी आंतरिक समिति का विवरण, वार्षिक रिपोर्ट और जागरूकता व प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी अपलोड कर सकते हैं। सम्मेलन में एसएचई-बॉक्स का लोगो अनावरण, राष्ट्रव्यापी पोश प्रशिक्षण वीडियो और सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्री का विमोचन किया जाएगा। कर्मयोगी भारत प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध पोश प्रशिक्षण को भी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने की पहल की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी राष्ट्रीय कार्यस्थल सुरक्षा शपथ दिलाएंगी और मुख्य संबोधन देंगी।

सम्मेलन में कार्यस्थल सुरक्षा अनुपालन और सकारात्मक कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करने पर राष्ट्रीय गोलमेज चर्चा आयोजित होगी, जिसमें असंगठित क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों और बहुपक्षीय संस्थानों के साथ अंतरराष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन में वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं पर विचार विमर्श किया जाएगा। कार्यस्थल सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता बढ़ाने के लिए स्वैच्छिक अनुपालन चेकलिस्ट भी जारी की जाएगी।

सरकारी और निजी क्षेत्र सहित 100 से अधिक संगठनों के करीब 1500 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम का वेबकास्ट भी उपलब्ध रहेगा, जिससे देशभर के लोग ऑनलाइन जुड़ सकेंगे। यह पहल कार्यस्थल पर सकारात्मक संस्कृति को बढ़ावा देने, पोश अधिनियम के प्रति जागरूकता बढ़ाने, अनुपालन को सुदृढ़ करने और एसएचई-बॉक्स को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *