भारत की टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 10वीं जीत, नामीबिया को 93 रन से हराकर रचा इतिहास
टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। गुरुवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने नामीबिया को 93 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 10वीं जीत दर्ज कर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। अब तक किसी भी देश ने इस टूर्नामेंट में लगातार इतनी जीत हासिल नहीं की है।
लगातार जीत के मामले में भारत अब शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने 2024 में लगातार 8 मुकाबले जीते थे, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 2022 से 2024 के बीच आठ मैचों में जीत दर्ज की थी। इंग्लैंड ने 2010 से 2012 के बीच लगातार सात मुकाबले अपने नाम किए थे। भारतीय टीम भी 2012 से 2014 के बीच सात मैचों की जीत का सिलसिला कायम कर चुकी थी, लेकिन अब उसने सभी को पीछे छोड़ दिया है।
यह मुकाबला रनों के अंतर से भी भारत की टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी जीत साबित हुआ। इससे पहले भारत ने 2012 में कोलंबो में इंग्लैंड को 90 रन से हराया था। 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 73 रन और 2022 में जिम्बाब्वे के विरुद्ध 71 रन से जीत दर्ज की थी। 2024 में इंग्लैंड को 68 रन से हराया गया था, लेकिन नामीबिया के खिलाफ 93 रन की जीत ने नया रिकॉर्ड बना दिया।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने नौ विकेट पर 209 रन बनाए। ईशान किशन ने 61 रन की प्रभावशाली पारी खेली, जबकि हार्दिक पंड्या ने 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। नामीबिया की ओर से गेरहार्ड इरासमस ने चार विकेट लिए, जबकि बेन शिकोंगो, जेजे स्मट्स और बर्नार्ड शोल्ट्ज को एक-एक सफलता मिली।
210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। लौरेन स्टीनकैंप ने 29 रन और जान फ्रीलिंक ने 22 रन बनाए, लेकिन टीम को बड़ी हार से नहीं बचा सके। भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सात रन देकर तीन विकेट झटके। हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिया, जबकि अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह ने भी एक-एक सफलता हासिल की। इस जीत के साथ भारत ने न केवल अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की बल्कि इतिहास के पन्नों में भी अपना नाम दर्ज करा दिया।
