खेलों से जुड़े करियर को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने शुरू की नई इंटर्नशिप नीति

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने देश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खेल ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से एक व्यापक इंटर्नशिप नीति की शुरुआत की है। इस योजना के तहत कॉलेज और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को मंत्रालय और उसके स्वायत्त निकायों में इंटर्नशिप करने का अवसर मिलेगा ताकि वे खेल प्रशासन, संचालन और इससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल कर सकें। इस पहल का मकसद खेल विज्ञान, डोपिंग रोधी उपायों, इवेंट मैनेजमेंट और एथलीट सहायता सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की नई पीढ़ी तैयार करना है।
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने कहा है कि इस पहल से युवाओं को सिर्फ पढ़ाई तक सीमित न रहकर वास्तविक कार्य अनुभव मिलेगा और वे खेलों के जरिए राष्ट्र निर्माण में भी योगदान दे सकेंगे। इस नीति के अंतर्गत हर साल कुल 452 इंटर्नशिप उपलब्ध कराई जाएंगी जिससे बड़ी संख्या में युवा इस योजना का लाभ उठा सकेंगे
