नए साल पर उज्जैन महाकाल मंदिर में बढ़ेगी भीड़: 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक भस्म आरती की ऑनलाइन बुकिंग बंद

नए साल के दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर समिति ने बड़ा निर्णय लेते हुए 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक भस्म आरती की ऑनलाइन बुकिंग बंद करने की घोषणा की है। इस अवधि में सभी स्लॉट केवल ऑफलाइन मोड से ही उपलब्ध रहेंगे।
मंदिर प्रशासन ने बताया कि यह निर्णय अचानक नहीं लिया गया है। पिछले वर्ष नए साल के समय अत्यधिक भीड़ के कारण सर्वर ओवरलोड होकर क्रैश हो गया था। इस बार किसी भी तकनीकी दिक्कत से बचने के लिए ऑनलाइन बुकिंग पर रोक लगाई गई है।
शनिवार को कलेक्टर ने महाकाल मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए लाइन मैनेजमेंट, सुरक्षा व्यवस्था, दर्शन व्यवस्था और पार्किंग सिस्टम की विस्तार से समीक्षा की।
मंदिर समिति के अनुसार, इस वर्ष पिछले की तुलना में अधिक भीड़ आने का अनुमान है। इसलिए गर्भगृह दर्शन, भस्म आरती और गेट एंट्री सिस्टम में अस्थायी बदलाव किए गए हैं ताकि सभी श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन के लिए सुविधा दी जा सके।
मंदिर प्रशासक ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी दलाल या व्यक्ति के झांसे में न आएं और किसी को भी धन न दें। यदि कोई धन मांगता है या गलत जानकारी देता है, तो तुरंत इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से करें।
