उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने एईपीसी पुरस्कार समारोह में परिधान निर्यात क्षेत्र की भूमिका को सराहा

Untitled-1

भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित परिधान निर्यात संवर्धन परिषद (एईपीसी) के वार्षिक पुरस्कार समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने परिधान निर्यात क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले उद्योग प्रतिनिधियों और पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी।

सभा को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि परिधान एवं वस्त्र क्षेत्र भारतीय अर्थव्यवस्था का एक मजबूत स्तंभ है। यह क्षेत्र 4.5 करोड़ से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध कराता है, जबकि एक करोड़ से अधिक लोगों की आजीविका को अप्रत्यक्ष रूप से सहारा देता है। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में लगभग 2 प्रतिशत और विनिर्माण क्षेत्र के सकल मूल्य वर्धन (जीवीए) में करीब 11 प्रतिशत का योगदान देता है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पीएम मित्र पार्क, समर्थ कौशल विकास कार्यक्रम जैसी योजनाओं के माध्यम से वस्त्र एवं परिधान उद्योग को व्यापक और बहुआयामी समर्थन प्रदान किया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने इस क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए ‘विजन 2030’ के तहत स्पष्ट रोडमैप तैयार किया है।

सी.पी. राधाकृष्णन ने इस बात पर जोर दिया कि सरकारी योजनाएं तभी अपने वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त करती हैं, जब उद्योग जगत नवाचार, गुणवत्ता और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योग के समक्ष आने वाली चुनौतियों के समाधान के लिए निरंतर संवाद कर रही है, जिसमें मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) से जुड़ी वार्ताएं भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि वस्त्र उद्योग श्रम प्रधान होने के साथ-साथ कृषि के बाद देश में रोजगार का दूसरा सबसे बड़ा स्रोत है। उपराष्ट्रपति ने उद्योग में कार्यरत श्रमिकों के कल्याण और कौशल विकास को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में परिधान निर्यात में दोगुनी वृद्धि संभव है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने सरकार और उद्योग के बीच सेतु की भूमिका निभाने के लिए एईपीसी की सराहना की और परिषद द्वारा प्रकाशित कॉफी टेबल बुक ‘थ्रेड्स ऑफ टाइम: स्टोरी ऑफ इंडियाज़ टेक्सटाइल्स’ का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, एईपीसी अध्यक्ष सुधीर सेखरी, उपाध्यक्ष डॉ. ए. शक्तिवेल सहित वस्त्र एवं परिधान उद्योग से जुड़े कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed