अडानी ग्रुप की हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में बड़ी एंट्री, देशभर में 60 से ज्यादा होटल बनाने की योजना

kk

अडानी ग्रुप अब हॉस्पिटैलिटी यानी होटल कारोबार में जोरदार एंट्री करने की तैयारी कर रहा है। टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) की एक रिपोर्ट के अनुसार, गौतम अडानी की अगुआई वाला यह समूह देश के सबसे बड़े होटल पोर्टफोलियो में से एक विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। यह रणनीतिक कदम ग्रुप के तेजी से विस्तार कर रहे एयरपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ा हुआ है।

हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में प्रवेश के साथ अडानी ग्रुप इंफ्रास्ट्रक्चर से कमाई का एक नया मॉडल अपनाएगा। इससे उसे टाटा ग्रुप के ताज होटल्स, आईटीसी होटल्स और ओबेरॉय जैसे स्थापित होटल ब्रांड्स को सीधी प्रतिस्पर्धा देने का मौका मिलेगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी ग्रुप पूरे भारत में 60 से अधिक होटल विकसित करने की योजना बना रहा है। ये होटल मुख्य रूप से ग्रुप के स्वामित्व और संचालन वाले एयरपोर्ट्स तथा रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स से जुड़े होंगे। वर्तमान में अडानी ग्रुप देश के सात एयरपोर्ट्स का संचालन कर रहा है, जबकि नवी मुंबई एयरपोर्ट का विकास उसने स्वयं किया है।

इसके अलावा, ग्रुप की नजर उन 11 एयरपोर्ट्स पर भी है, जिनका निजीकरण जल्द होने वाला है। इनमें अमृतसर और वाराणसी एयरपोर्ट भी शामिल हैं। इन प्रस्तावित होटलों का विकास ज्यादातर अडानी ग्रुप खुद करेगा। हालांकि, मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के पास स्थित सहारा स्टार होटल इस योजना में एक बड़ा अपवाद माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed