विजय हजारे ट्रॉफी में कोहली और रोहित के शतक, बिहार का रिकॉर्डतोड़ 574 रन

विजय हजारे ट्रॉफी के पहले दिन घरेलू क्रिकेट में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला जब भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े सितारों विराट कोहली और रोहित शर्मा ने शानदार शतक जड़कर मैदान में धूम मचा दी। दिल्ली की ओर से खेलते हुए विराट कोहली ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ 299 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 101 गेंदों में 131 रन बनाए और अपनी क्लासिक बल्लेबाजी से एक बार फिर साबित कर दिया कि वह बड़े मंच के खिलाड़ी हैं। प्रियांश आर्य और नितीश राणा के अर्धशतकों की मदद से दिल्ली ने यह मुकाबला चार विकेट से अपने नाम कर लिया
दूसरी ओर जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में रोहित शर्मा का बल्ला भी जमकर बोला जहां उन्होंने सिक्किम के खिलाफ सिर्फ 94 गेंदों में 155 रनों की तूफानी पारी खेली। रोहित की इस विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत मुंबई ने 237 रनों के लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल करते हुए आठ विकेट से जीत दर्ज की।
इसी दिन बिहार की टीम ने इतिहास रच दिया जब उसने लिस्ट ए क्रिकेट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। रांची के जेएससीए ओवल ग्राउंड में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ बिहार ने 50 ओवर में छह विकेट पर 574 रन बना दिए। वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 84 गेंदों में 190 रनों की धुआंधार पारी खेली जबकि कप्तान साकिबुल गनी 40 गेंदों में 128 रन बनाकर नाबाद रहे। आयुष लोहड़ुका ने भी शानदार शतक जड़ा लेकिन 116 रन पर रन आउट हो गए। जवाब में अरुणाचल प्रदेश की टीम 177 रन पर सिमट गई और बिहार ने यह मुकाबला 397 रन से जीत लिया।
एक और हाई स्कोरिंग मुकाबले में कर्नाटक ने झारखंड के खिलाफ 413 रनों का विशाल लक्ष्य हासिल कर पांच विकेट से जीत दर्ज की। झारखंड की ओर से कप्तान ईशान किशन ने सिर्फ 39 गेंदों में 125 रन ठोके जबकि विराट सिंह और कुशाग्र ने अर्धशतक लगाए। कर्नाटक की पारी में देवदत्त पडिक्कल के 147 रन और मयंक अग्रवाल के साथ उनकी मजबूत साझेदारी ने जीत की नींव रखी और टीम ने यह मुश्किल लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।
