WhatsApp का नया फीचर: मिस्ड कॉल पर सीधे वॉइस और वीडियो मैसेज भेज सकेंगे यूज़र्स

मेटा (Meta) के स्वामित्व वाला मैसेजिंग ऐप व्हाट्सएप (WhatsApp) अपने यूजर्स के लिए एक बेहद उपयोगी फीचर लेकर आया है। अब अगर आपकी वॉइस या वीडियो कॉल रिसीव नहीं हो पाती है, तो यूज़र सीधे कॉल स्क्रीन से ही वॉइस या वीडियो मैसेज छोड़ सकेंगे।
यह नया अपडेट फिलहाल iPhone यूज़र्स के लिए ऐप स्टोर पर उपलब्ध है और उम्मीद है कि जल्द ही यह फीचर Android समेत सभी डिवाइसों पर जारी किया जाएगा।
मिस्ड कॉल पर तुरंत भेजें वॉइस या वीडियो रिकॉर्डिंग
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाट्सएप ने कॉल मिस होने पर एक बड़ा बदलाव किया है। यदि सामने वाला आपकी कॉल रिसीव नहीं करता, तो ऐप पर ‘Record Voice Message’ का विकल्प दिखाई देगा।
यहीं से यूज़र तुरंत एक छोटा ऑडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं, जो मिस्ड कॉल नोटिफिकेशन के साथ ऑटोमैटिक चैट में भेज दिया जाएगा।
यह फीचर खासकर उन यूज़र्स के लिए उपयोगी साबित होगा जिन्हें किसी जरूरी जानकारी को जल्दी से भेजना हो और टाइप करने में समय न गंवाना पड़े।
इसी तरह, अगर वीडियो कॉल मिस हो जाती है, तो व्हाट्सएप तुरंत वीडियो मैसेज रिकॉर्ड करने का विकल्प देगा। इससे रिसीवर को सिर्फ मिस्ड कॉल ही नहीं, बल्कि एक विजुअल मैसेज भी मिलेगा, जिससे बातचीत और भी अधिक सहज हो जाएगी।
