RBI ने जीरो बैलेंस BSBD खातों पर बढ़ाई मुफ्त सुविधाएं, अब सामान्य सेविंग्स अकाउंट जैसी मिलेंगी सभी सुविधाएं

भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने जीरो बैलेंस वाले बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट (BSBD) खातों के लिए मुफ्त और अनिवार्य सुविधाओं का दायरा बढ़ा दिया है। अब बैंक इन खातों को किसी भी तरह से “सीमित” या “कमतर सुविधाओं वाला” विकल्प नहीं मान सकेंगे। BSBD खाता भी सामान्य सेविंग्स अकाउंट की तरह सभी आवश्यक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
नई गाइडलाइन के अनुसार, यदि कोई ग्राहक लिखित या ऑनलाइन रिक्वेस्ट करता है, तो बैंक को 7 दिनों के भीतर उसके सेविंग्स अकाउंट को BSBD खाते में बदलना होगा। ये नियम 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगे।
RBI के नए नियमों के तहत BSBD खातों में मिलने वाली प्रमुख सुविधाएं:
बिना किसी वार्षिक शुल्क के ATM/डेबिट कार्ड की सुविधा
साल में कम से कम 25 पन्नों की फ्री चेकबुक
फ्री इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और पासबुक/मासिक स्टेटमेंट
महीने में 4 बार कैश निकासी मुफ्त
डिजिटल पेमेंट (UPI, IMPS, NEFT, RTGS, कार्ड स्वाइप) इन 4 फ्री निकासी में शामिल नहीं
कैश जमा करने पर कोई सीमा नहीं — जितनी बार चाहें जमा करें
खाते में न्यूनतम बैलेंस बनाए रखने की कोई अनिवार्यता नहीं
RBI ने स्पष्ट किया है कि बैंक ग्राहकों पर कोई अतिरिक्त शर्तें नहीं थोप सकेंगे। पहले से BSBD खाता रखने वाले ग्राहक भी रिक्वेस्ट करके ये नई सुविधाएं प्राप्त कर सकते हैं।
RBI ने खारिज किए गए सुझाव:
बैंकों ने सुझाव दिया था कि BSBD खाता खोलने के लिए ग्राहक की आय या प्रोफ़ाइल पर शर्तें लगाई जाएं — RBI ने इसे खारिज कर दिया।
इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग को रोकने का सुझाव — यह भी अस्वीकार।
हालांकि, नाबालिगों के खातों में कुछ सीमित शर्तों को RBI ने स्वीकार किया है।
