होशियारपुर में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फहराया तिरंगा, पंजाब के अधिकारों और उपलब्धियों पर दिया जोर
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर होशियारपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राज्यवासियों को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने पंजाब के संवैधानिक अधिकारों पर स्पष्ट और मजबूत रुख अपनाते हुए कहा कि पंजाब अपने हक की लड़ाई मजबूती से लड़ता रहेगा। उन्होंने चंडीगढ़, पंजाब यूनिवर्सिटी और पानी से जुड़े मुद्दों पर राज्य के दावे को दोहराते हुए कहा कि ये सवाल सिर्फ अधिकारों के नहीं, बल्कि पंजाब की अस्मिता और भविष्य से जुड़े हुए हैं।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब ने देश की आजादी और लोकतंत्र की मजबूती में ऐतिहासिक योगदान दिया है और अब समय आ गया है कि पंजाब के साथ न्याय हो। उन्होंने केंद्र से अपील की कि राज्य के संवैधानिक अधिकारों का सम्मान किया जाए और लंबे समय से लंबित मुद्दों का समाधान निकाला जाए।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने मान सरकार की उपलब्धियों का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि राज्य में नशे के खिलाफ सख्त और निरंतर अभियान चलाया जा रहा है, जिसका असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अब तक 63 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं, जिससे युवाओं में विश्वास और उम्मीद जगी है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए सुधारों की चर्चा करते हुए आम आदमी क्लीनिक और अन्य जनहित योजनाओं को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से आम लोगों को सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पंजाब में हुए रिकॉर्ड निवेश का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य अब विकास और रोजगार के नए रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
अपने भाषण के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब को फिर से खुशहाल और आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी ईमानदारी से काम कर रही है और जनता के भरोसे को कभी टूटने नहीं देगी।
