कैमूर: NH-19 पर वाहनों की टक्कर, रेस्क्यू कर बचाई जान

jant-img-bihar-26-7-25-4188

दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलहड़िया मोड़ के पास शनिवार की सुबह करीब 4:30 बजे एनएच-19 पर चार वाहनों की जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में एक बालू लदे ट्रक का चालक अपने वाहन में ही फंस गया, जिसे करीब डेढ़ घंटे की रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार, मोहनिया से वाराणसी की ओर जा रहा तेज रफ्तार बालू लदा ट्रक सड़क किनारे खड़ी एक मैजिक गाड़ी से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक गाड़ी को घसीटते हुए वह आगे खड़ी लोहा लदी ट्रक से जा भिड़ा। इसके बाद वह लोहा लदा ट्रक भी आगे खड़े एक अन्य ट्रक से टकरा गया। इस श्रृंखलाबद्ध टक्कर में कुल चार वाहन आपस में भिड़ गए।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और एनएचएआई को सूचना दी और चालक को निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह विफल रहे। इसके बाद एनएचएआई की टीम मौके पर क्रेन लेकर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद डेढ़ घंटे में चालक को बाहर निकाला गया। घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुर्गावती में भर्ती कराया गया।

घायल चालक की पहचान रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के भरहुआ गांव निवासी 45 वर्षीय बीरबल कुमार के रूप में हुई है। चालक ने बताया कि वह बालू लोड कर वाराणसी जा रहा था, इसी दौरान अचानक नींद आ जाने के कारण यह हादसा हुआ।

एनएचएआई के रूट पेट्रोलिंग ऑफिसर उमेश कुमार ने बताया कि जैसे ही दुर्घटना की सूचना मिली, हमारी स्थानीय टीम तुरंत मौके पर पहुंची। चार वाहनों की टक्कर में एक ट्रक चालक फंसा हुआ था, जिसे सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं, दुर्गावती थाना के सब-इंस्पेक्टर धनंजय कुमार ने बताया कि हादसे में घायल चालक खतरे से बाहर है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed