खराब मौसम में कोलकाता डायवर्ट हुई दरभंगा की फ्लाइट, विमान के अंदर यात्रियों का हंगामा

Untitled-21

दरभंगा फ्लाइट, इंडिगो, कोलकाता एयरपोर्ट, खराब मौसम, उड़ान डायवर्ट, यात्रियों का हंगामा, पैसे वापसी, हवाई सेवा बाधित, बिहार मौसम

खराब मौसम ने बिहार के दरभंगा जाने वाले सैकड़ों यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हैदराबाद से दरभंगा आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E 537 को खराब मौसम के कारण कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया, जिसके बाद विमान के अंदर और कोलकाता एयरपोर्ट पर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। दरभंगा में घना कोहरा और खराब दृश्यता के चलते न तो कोई विमान उतर पा रहा है और न ही उड़ान भर पा रहा है, इसी वजह से यह फैसला लिया गया।

दरअसल यह फ्लाइट तय समय पर दरभंगा में लैंड करने वाली थी लेकिन जैसे ही विमान बिहार के ऊपर पहुंचा, मौसम बिगड़ गया। पायलट ने सुरक्षा कारणों से विमान को कोलकाता एयरपोर्ट पर उतार दिया। जैसे ही यात्रियों को यह जानकारी दी गई कि फिलहाल आगे की उड़ान संभव नहीं है, विमान के अंदर ही हंगामा शुरू हो गया। यात्रियों ने दरभंगा पहुंचाने की मांग करते हुए विमान से उतरने से इनकार कर दिया।

यात्रियों का कहना है कि उन्होंने दरभंगा के लिए टिकट खरीदा था और बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें कोलकाता उतार दिया गया। इससे खासकर परिवारों, बुजुर्गों और जरूरी काम से सफर कर रहे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। कई यात्री इंडिगो के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पैसे वापस करने और तुरंत दरभंगा ले जाने की मांग कर रहे हैं।

कोलकाता एयरपोर्ट पर भी माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। दरभंगा जाने वाले यात्री लगातार एयरलाइंस स्टाफ से बहस कर रहे हैं। एयरलाइंस की ओर से बताया गया है कि जब तक दरभंगा में मौसम साफ नहीं होता, तब तक आगे की उड़ान संभव नहीं है।

मौसम की मार सिर्फ हवाई सेवा पर ही नहीं बल्कि रेल और सड़क परिवहन पर भी दिख रही है। दरभंगा एयरपोर्ट से पूरे दिन कोई भी विमान न तो रवाना हुआ और न ही कोई लैंड कर पाया है। फिलहाल सभी की नजरें मौसम सुधरने पर टिकी हैं ताकि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *