गोपालगंज में नीतीश कुमार का आरजेडी पर तीखा हमला, कहा – “लालू परिवार ने सिर्फ अपने लिए किया काम, जनता के लिए नहीं”

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को गोपालगंज में एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर करारा हमला बोला और कहा कि राजद (RJD) को दोबारा मौका देना बिहार के विकास को पीछे ले जाना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, “पहले की सरकारों ने बिहार को अंधेरे में धकेल दिया था। 2005 से पहले शाम होते ही लोग घरों में बंद हो जाते थे, सड़कों पर निकलना मुश्किल था। हमारी सरकार आने के बाद कानून-व्यवस्था कायम हुई, हर घर में बिजली पहुँची और शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए।”
उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि बिहार में अब शिक्षकों की बड़ी भर्ती, हर जिले में मेडिकल कॉलेज, मुफ्त बिजली कनेक्शन, वृद्धा पेंशन, महिलाओं को रोजगार के अवसर और सड़क व पुलों का नेटवर्क जैसी सुविधाएँ आम हो चुकी हैं।
नीतीश कुमार ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि, “राजद सिर्फ अपने परिवार के लिए राजनीति करता है, जबकि हम जनता के लिए काम करते हैं। बिहार को फिर से पिछली स्थिति में नहीं जाने देना है। एनडीए को जिताइए, ताकि विकास की रफ्तार जारी रहे।”
जनसभा में भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने “फिर से नीतीश सरकार” के नारे लगाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में वे राज्य के अलग-अलग जिलों में जाकर एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार जारी रखेंगे।
