तेजस्वी यादव ने दी नई एनडीए सरकार को बधाई, कहा – उम्मीद है वादों पर खरा उतरेगी टीम नीतीश

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की शानदार जीत के बाद राज्य में नई सरकार का गठन हो गया है। गुरुवार, 20 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
नई सरकार का कार्यभार संभालते ही विपक्ष की ओर से पहली प्रतिक्रिया आरजेडी नेता और तेजस्वी यादव की आई है। उन्होंने अपने एक्स (Twitter) हैंडल से पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सभी नए मंत्रियों को शुभकामनाएं दीं।
तेजस्वी यादव ने लिखा—
“आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले बिहार सरकार के सभी मंत्रियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आशा है नई सरकार जिम्मेदारीपूर्ण होकर लोगों की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अपने वादों एवं घोषणाओं को पूरा करेगी तथा बिहारवासियों के जीवन में सकारात्मक और गुणात्मक परिवर्तन लाएगी।”
तेजस्वी यादव का यह बयान राजनीतिक हलकों में इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि हाल के चुनाव अभियान में एनडीए और महागठबंधन के बीच तीखी बयानबाज़ी देखने को मिली थी। लेकिन परिणाम आने और सरकार गठन के बाद तेजस्वी ने संयमित और सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
नई सरकार के लिए आरजेडी की यह बधाई संदेश संकेत देता है कि विपक्ष फिलहाल रचनात्मक भूमिका निभाने का संदेश देना चाहता है, हालांकि आने वाले समय में सरकार की नीतियों और वादों को लेकर विपक्ष की रणनीति कैसी होगी, यह देखना दिलचस्प होगा।
