पटना में नवनिर्मित एमएलए डुप्लेक्स आवासों का सीएम नीतीश कुमार ने किया निरीक्षण

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को राजधानी पटना के दारोगा राय पथ स्थित नवनिर्मित एमएलए डुप्लेक्स आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आवासों के विभिन्न भागों का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों से उपलब्ध कराई गई आधुनिक सुविधाओं और निर्माण गुणवत्ता की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रत्येक आवास पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्र संख्या और विधानसभा क्षेत्र अंकित किया गया है, जिससे आवंटन प्रक्रिया सुगम और पारदर्शी रहेगी। सीएम ने निर्माण कार्य, डिज़ाइन और परिसर के सौंदर्यीकरण की सराहना करते हुए कहा कि ये आवास उच्च गुणवत्ता के साथ तैयार किए गए हैं और नवनिर्वाचित विधायकों को बेहतर रहने की सुविधा प्रदान करेंगे।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी नवनिर्मित डुप्लेक्स आवासों को शीघ्र ही नवनिर्वाचित विधायकों को उनके निर्वाचन क्षेत्र नंबर के आधार पर आवंटित किया जाए, ताकि वे बिना देरी नए आवासों में शिफ्ट हो सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आवासों में उपलब्ध सभी आधुनिक सुविधाएं पूर्ण रूप से क्रियाशील रहें और परिसर का रखरखाव भी नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन डुप्लेक्स बंगलों का निर्माण इस उद्देश्य से किया गया है कि विधायकों को एक सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक वातावरण मिल सके, जिससे वे अपने विधायी दायित्वों का निर्वहन और अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें।
इसके साथ ही परिसर में हरे-भरे लैंडस्केप, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को भी सराहा गया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार विधायकों की कार्य क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को निरंतर मजबूत कर रही है।
