पहले बिहार में ‘जंगलराज’, रंगदारी वाली सरकार-पीएम मोदी:

आरा (बिहार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आरा में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए राजद और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री पद को लेकर दोनों दलों के बीच जबरदस्त घमासान मचा हुआ है।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि मुख्यमंत्री पद के लिए राजद के किसी नेता का नाम सामने आए, लेकिन “राजद ने कांग्रेस की कनपटी पर कट्टा रखकर मुख्यमंत्री पद चोरी कर लिया।”
उन्होंने दावा किया कि नामांकन वापस लेने से ठीक एक दिन पहले “बंद कमरे में गुंडागर्दी का खेल” खेला गया और उसी के तहत सत्ता हड़पने की कोशिश हुई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह घटना बताती है कि विपक्ष सत्ता की लालच में किस तरह लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रख रहा है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे ऐसे दलों को जवाब दें और राज्य में स्थिर व विकासोन्मुखी सरकार चुनें।
पीएम मोदी की इस टिप्पणी से बिहार की चुनावी राजनीति में नई गर्मी आ गई है। विपक्ष की ओर से फिलहाल इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
