बिहार को माफिया नहीं विकास चाहिए। डबल इंजन सरकार दे रही पहचान व सुरक्षा रघुनाथपुर में गरजे योगी:

बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान बुधवार को सिवान के रघुनाथपुर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजग उम्मीदवार के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। शहाबुद्दीन के गढ़ कहे जाने वाले क्षेत्र में उन्होंने विपक्ष और महागठबंधन पर तीखा हमला बोला।
योगी ने कहा कि बिहार में कुछ माफिया, खानदानी अपराधी और भ्रष्टाचारियों ने मिलकर महागठबंधन बना लिया है। इस टिप्पणी पर सभा स्थल “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा। उन्होंने बिना नाम लिए राजद उम्मीदवार की आपराधिक पृष्ठभूमि पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग अपराध को राजनीति का आधार बनाकर बिहार को पीछे ले जाना चाहते हैं, जनता उन्हें अब स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि आज लोग भ्रष्टाचार और अपराध से मुक्त शासन चाहते हैं और किसी भी कीमत पर ऐसे तत्वों को सत्ता में नहीं आने देना है।
योगी ने राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि राजद ने राम रथ यात्रा को रोककर “पाप” किया था। यूपी में सपा सरकार ने रामभक्तों पर गोली चलाई, जबकि बिहार में आंदोलन को दबाने की कोशिश हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की राजनीति अपराध, तुष्टिकरण और वोट बैंक तक सीमित है, जिसने युवाओं की पहचान तक पर संकट खड़ा किया।
योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने बिहार और यूपी दोनों जगह सम्मान और स्वाभिमान लौटाया है। उन्होंने बताया कि 6,100 करोड़ रुपये की लागत से राम-जानकी मार्ग का निर्माण तेज़ी से जारी है, जो केवल सड़क नहीं बल्कि सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक एकता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ज़ीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है — “जो बच जाता है, उसे यूपी का बुलडोज़र पूरा कर देता है।” इस पर भीड़ ने तालियों और नारों से जोरदार समर्थन किया।
योगी ने दावा किया कि बिहार में एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और गरीब कल्याण योजनाओं का विस्तार तेज़ी से हो रहा है। घर, रोजगार और किसान कल्याण की नीतियों ने विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बिहार को तेज़ रफ़्तार से आगे बढ़ा रही है।
