बिहार चुनाव 2025: नीतीश आज से करेंगे प्रचार की शुरुआत, अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर

बिहार में चुनावी सरगर्मी चरम पर है। एनडीए (NDA) में सीटों का बंटवारा तय होने के बाद अब सियासी दांव-पेच और प्रचार अभियान तेज़ हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज (16 अक्टूबर) से तीन दिवसीय बिहार दौरे पर आ रहे हैं। अपने इस दौरे के दौरान वे चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे और विशेष रूप से उन सीटों पर रणनीति पर मंथन करेंगे जहां पिछली बार एनडीए को चुनौतियों का सामना करना पड़ा था।
वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी आज से अपने चुनाव प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत करने जा रहे हैं। वह आज जेडीयू (JDU) उम्मीदवारों के नामांकन में शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार सरायरंजन में विजय चौधरी और बहादुरपुर में मदन सहनी के नामांकन में हिस्सा लेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत सुनिश्चित करने का सीधा संदेश देंगे और जनता से अपने कार्यकाल की उपलब्धियों के आधार पर समर्थन मांगेंगे।
एनडीए में अब सीटों की घोषणा के बाद पूरा गठबंधन एकजुट होकर मैदान में उतरने की तैयारी में है। अमित शाह का यह दौरा और नीतीश कुमार का प्रचार अभियान दोनों ही बिहार में एनडीए की चुनावी रणनीति को नया मोमेंटम देने वाले साबित हो सकते हैं।
