बिहार में ठंड और कोहरे का प्रकोप बढ़ेगा, पाले की भी चेतावनी

बिहार में ठंड का असर और तेज होने वाला है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि सुबह के समय कई इलाकों में पाला पड़ सकता है और अगले दो से तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा। इसके साथ ही एक नए शीत लहर जैसे दौर की शुरुआत के संकेत भी मिल रहे हैं।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले चार दिनों में बिहार के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट आ सकती है। हालांकि अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे साफ है कि दिन की तुलना में रातें ज्यादा सर्द और ठिठुरन भरी होंगी। सुबह के समय पाला गिरने की आशंका भी जताई गई है, जिसका असर फसलों के साथ-साथ आम जनजीवन पर भी पड़ सकता है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक उत्तर बिहार और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई हिस्सों में ‘शीत दिवस’ जैसी स्थिति बनी रह सकती है। पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया और नवादा जिलों में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। अगले दो से तीन दिनों तक इन इलाकों में दृश्यता काफी कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो गया राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में न्यूनतम तापमान 5.5 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं मोतिहारी में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में राज्य के दक्षिणी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट देखी गई है। तेज पछुआ हवाओं के कारण दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंड ज्यादा महसूस हुई। मंगलवार सुबह भी कई जिलों में कोहरे का असर साफ नजर आया, जिससे यातायात और सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
