बिहार में नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर सीएम नीतीश ने अलर्ट मोड में रहने का दिया निर्देश, राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र का किया निरीक्षण

bihar-cm-3-8-25-85299

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना में स्थित सरदार पटेल भवन पहुंचकर गृह विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग तथा राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं तथा कार्य पद्धतियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में वर्षापात की स्थिति, नदियों के जलस्तर तथा फसल आच्छादन की स्थिति का जायजा लिया।

इस दौरान विकास आयुक्त सह आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने राज्य में वर्षापात की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों मे राज्य में अच्छी बारिश हुई है। राज्य के 222 प्रखंडों में 25 मि.मी. अथवा इससे अधिक बारिश दर्ज की गई है। गंगा, कोशी तथा बूढ़ी गंडक नदियों का जलस्तर बढ़ा है, पानी का स्तर खतरे के निशान के आसपास है, लेकिन स्थिति अभी नियंत्रण में है। राज्य में धान की फसल का आच्छादन प्रतिशत 3 अगस्त तक 79.43 प्रतिशत है, गत वर्ष इस समय तक यह 67.38 प्रतिशत था। राज्य में अच्छी वर्षा हो रही है, जिससे भू-जलस्तर भी बेहतर हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र बहुत उपयोगी केन्द्र है। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 24 घंटे संचालित यह केन्द्र बेहतर ढंग से कार्य कर रहा है, जिसका लाभ राज्य के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में अच्छी वर्षा होने से किसानों को रोपनी कार्य में फायदा हो रहा है। नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर संबंधित अधिकारी अलर्ट मोड में रहें तथा एसओपी के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखें।

निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, गृह विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. सहित गृह विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed