बिहार में मानसून फिर सक्रिय, पटना में जलजमाव

बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में रविवार रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। सोमवार सुबह भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रही, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।
पटना के जीपीओ, रेलवे जंक्शन, कंकड़बाग, पाटलिपुत्रा कॉलोनी, राजीव नगर, एजी कॉलोनी, कृषि नगर और गोला रोड सहित कई इलाकों में तेज बारिश के कारण जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है।
राजीव नगर नाले का पानी सड़क पर फैल गया, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई क्षेत्रों में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था सुधारने की मांग की है। वहीं, नगर निगम की ओर से अब तक कोई राहत कार्य शुरू नहीं किया गया है, जिससे लोगों में नाराज़गी देखी जा रही है।
