बिहार विधानसभा चुनाव 2025: एनडीए और महागठबंधन में सीट बंटवारे पर जारी रस्साकशी

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। एनडीए और महागठबंधन दोनों ही गठबंधन अब सीट बंटवारे के अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं, लेकिन सहमति अभी तक नहीं बन पाई है।
सूत्रों के अनुसार, एनडीए में भाजपा और जेडीयू के बीच 205 सीटों पर लड़ने की योजना लगभग तय मानी जा रही है। वहीं, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान को 25 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है, लेकिन वे 35 सीटों की मांग पर अड़े हुए हैं।
हम (हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा) प्रमुख जीतन राम मांझी को 7 सीटें देने की बात चल रही है, मगर वे 20 सीटों से कम पर मानने को तैयार नहीं हैं।
इसी तरह, उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को 6 सीटें देने की चर्चा है।
वहीं दूसरी ओर, महागठबंधन में भी सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। राजद नेता तेजस्वी यादव अपनी पार्टी के लिए 130 सीटों से कम पर तैयार नहीं हैं। कांग्रेस और वामदलों की भी अपनी-अपनी मांगें हैं, जिससे बातचीत अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि दोनों गठबंधनों में सीट बंटवारे की ये जद्दोजहद अगले कुछ दिनों में और तेज हो सकती है, क्योंकि चुनावी तारीखों के ऐलान से पहले प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप देना जरूरी होगा।
