“मेड-इन-बिहार हमारा सपना” — सकरा में राहुल गांधी का BJP पर हमला, बोले- बिहार के युवाओं के साथ अन्याय

ff


मुजफ्फरपुर जिले के सकरा विधानसभा क्षेत्र में महागठबंधन उम्मीदवार के समर्थन में आयोजित जनसभा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा छोटे उद्योगों को खत्म कर अडानी-अंबानी को फायदा पहुंचा रही है।

उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि अब देश में “मेड इन चाइना नहीं, मेड इन बिहार” बने। बिहार में शिक्षा प्रणाली की खराब स्थिति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मेहनती युवाओं की कद्र नहीं होती। पढ़ाई का अवसर सीमित है, परीक्षा में पेपर लीक होते हैं और बेरोज़गारी बढ़ती जा रही है। मेहनत के बावजूद बिहार का युवा मजबूर होकर बाहर जाता है।

राहुल गांधी ने कहा कि लोगों के प्यार और समर्थन के कारण ही वह बिहार आए हैं। उन्होंने जनता से मौजूदा सरकार को बदलने की अपील की और कहा कि जैसे अन्य राज्यों में कांग्रेस गठबंधन की सरकारें बनी हैं, उसी तरह बिहार में भी बदलाव संभव है।

इस दौरान मंच पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद रहे।

सभा में राहुल गांधी ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में नेताओं ने बिहार के लिए कुछ खास नहीं किया। रोजगार की स्थिति बदतर है और उद्योग धंधे विकसित नहीं हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ अपने उद्योगपति दोस्तों के लिए काम करती है, जिसका नुकसान बिहार को उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन बिहार में बदलाव के लिए एकजुट है। वोट चोरी के खिलाफ चलाए गए अभियान और बिहार यात्रा का ज़िक्र कर उन्होंने कहा कि अब बिहार आगे बढ़ेगा और विकास के नए दौर में प्रवेश करेगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनका “रिमोट कंट्रोल भाजपा के हाथों में है।” साथ ही केंद्र सरकार पर सामाजिक न्याय की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम मोदी जाति-गणना से बचते हैं और केवल वोट की राजनीति करते हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि महागठबंधन बिहार के भविष्य और युवाओं की ताकत को नई दिशा देने का संकल्प लेकर मैदान में उतरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *