लोगों में पटना मेट्रो को लेकर ऐसी दीवानगी है

Untitled-1

पटना मेट्रो की शुरुआत ने राजधानीवासियों में नई ऊर्जा और उत्साह भर दिया है। बिहार की पहली मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद से ही लोग बड़ी संख्या में इसे देखने और इसमें सफर करने पहुंच रहे हैं। 6 अक्टूबर को मुख्यमंत्री द्वारा तीन स्टेशनों पर मेट्रो सेवा का शुभारंभ किया गया, जिसके अगले दिन यानी 7 अक्टूबर से इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया। इसके बाद से ही पटना मेट्रो शहर की नई पहचान बन गई है। पहले ही दिन लगभग छह हजार यात्रियों ने मेट्रो में सफर किया था और यह संख्या हर दिन तेजी से बढ़ रही है।

मेट्रो की चमकदार कोच, आधुनिक स्टेशन और आरामदायक यात्रा अनुभव लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गए हैं। युवा, परिवार और बच्चे सभी मेट्रो यात्रा का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर पटना मेट्रो की सेल्फी और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग इसे अपने ‘पहले मेट्रो राइड’ के अनुभव के रूप में साझा कर रहे हैं। जिस तरह लोग पहले पटना के गोलघर, गांधी मैदान, या संकल्प स्थल जैसी जगहों पर घूमने आते थे, अब उसी तरह मेट्रो को देखने और उसमें सफर करने के लिए भी भीड़ उमड़ रही है।

लोगों में मेट्रो को लेकर ऐसी दीवानगी है कि बच्चे भी इससे अछूते नहीं हैं। बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। उनमें से एक बच्चे ने मुस्कुराते हुए कहा, “हम लोग रोज मेट्रो को बनते हुए देखते थे। 15 अगस्त से ही इसके चलने का इंतजार कर रहे थे। जब पता चला कि अब यह चल रही है, तो हमने टिकट के लिए पैसे जोड़ने शुरू किए। अंदर बहुत ठंडा-ठंडा एसी चल रहा है, बहुत अच्छा लग रहा है।”

बच्चों की मासूम खुशी और लोगों के चेहरे पर दिख रहा गर्व यह दर्शाता है कि पटना मेट्रो सिर्फ एक परिवहन सेवा नहीं, बल्कि बिहार के विकास की नई मिसाल है। यह न सिर्फ शहर की यात्रा को सुगम बना रही है, बल्कि लोगों के दिलों में गर्व और उम्मीद की नई किरण जगा रही है। मेट्रो के जरिए अब पटना भी उन शहरों की सूची में शामिल हो गया है, जो आधुनिकता और प्रगति की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *