नालंदा की जनसभा में राहुल गांधी का निशाना—नीतीश सरकार ‘रिमोट कंट्रोल’, स्वास्थ्य-बेरोजगारी पर तीखा हमला

नालंदा।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नालंदा के नूरसराय स्थित सरदार पटेल स्टेडियम में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए एनडीए सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को “रिमोट कंट्रोल सीएम” बताते हुए कहा कि असल में सरकार दिल्ली और नागपुर से चलती है।
नीतीश ‘रिमोट कंट्रोल सीएम’—राहुल
राहुल गांधी ने कहा,
“यह मत सोचिए कि नीतीश जी सरकार चलाते हैं। असल में सरकार नरेंद्र मोदी, अमित शाह और नागपुर (RSS) से चलती है। मोदी जी जो बटन दबाते हैं, वही चैनल चलता है।”
उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार 20 साल में बिहार बदलने का दावा करते हैं, लेकिन वास्तविकता बिल्कुल अलग है।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर हमला—अस्पताल बने ‘मौत के ठिकाने’
राहुल गांधी ने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य के अस्पतालों में लोग जीने नहीं, बल्कि मरने जाते हैं। उन्होंने कहा कि इलाज के लिए बिहार के मरीजों को अब भी दिल्ली एम्स जाना पड़ता है और वहां स्टेशन पर रातें बितानी पड़ती हैं।
पेपर लीक को बताया युवाओं का ‘सपना हत्यारा’
पेपर लीक मामले पर राहुल ने भावुक अंदाज में कहा कि
“बिहार का युवा डॉक्टर-इंजीनियर बनने का सपना देखता है, लेकिन परीक्षा से एक दिन पहले पेपर लीक हो जाता है। ईमानदार युवा देखता रह जाता है और पेपर चोर आगे निकल जाते हैं।”
डिजिटल इंडिया पर तंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए राहुल ने कहा कि डेटा सस्ता कराने से युवा reels तो बना रहे हैं, लेकिन इससे उनकी आय नहीं बढ़ रही।
उन्होंने कहा—“पैसा तो अंबानी की जेब में जा रहा है।”
नालंदा में विश्वस्तरीय यूनिवर्सिटी का वादा
राहुल गांधी ने कहा कि INDIA गठबंधन की सरकार बनने पर नालंदा में दुनिया की बेहतरीन यूनिवर्सिटी स्थापित की जाएगी।
उन्होंने कहा—
“हम चाहते हैं कि आपके फोन पर ‘Made in China’ नहीं, ‘Made in Bihar’ लिखा हो।”
RSS-BJP पर संविधान खत्म करने की साजिश का आरोप
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा व RSS संविधान को समाप्त करने की साजिश रच रही हैं। उन्होंने महाराष्ट्र और हरियाणा का उदाहरण देते हुए NDA पर “वोट चोरी” के आरोप लगाए और जनता से सजग रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन की सरकार हर धर्म-जाति को साथ लेकर चलेगी और “नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान” खोलेगी।
