प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने की 15 तारीख से जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान के चार दिवसीय दौरे पर रवाना होंगे।

पहले चरण में प्रधानमंत्री जॉर्डन जाएंगे, जहां उनका स्वागत जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला II बिन अल हुसैन के निमंत्रण पर होगा। इस दौरान दोनों नेता भारत-जॉर्डन के द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर यह यात्रा भारत-जॉर्डन सहयोग को और मजबूत करने, नए क्षेत्रों में साझेदारी तलाशने और क्षेत्रीय शांति, समृद्धि, सुरक्षा व स्थिरता को बढ़ावा देने के संकल्प को दोहराने का अवसर प्रदान करेगी।
16 दिसंबर को प्रधानमंत्री मोदी इथियोपिया रवाना होंगे। यह उनकी इथियोपिया की पहली आधिकारिक यात्रा होगी, जो इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबिय अहमद अली के आमंत्रण पर हो रही है। यात्रा के दौरान दोनों नेता भारत-इथियोपिया संबंधों के सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा करेंगे। ‘ग्लोबल साउथ’ के साझेदार देशों के रूप में यह यात्रा आपसी मित्रता और द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने की प्रतिबद्धता को मजबूत करेगी।
यात्रा के अंतिम चरण में, 17 दिसंबर से प्रधानमंत्री मोदी ओमान पहुंचेंगे। यह उनकी ओमान की दूसरी यात्रा होगी, जो ओमान के सुल्तान हैतम बिन तारिक के निमंत्रण पर होगी।
भारत और ओमान के बीच दशकों पुराने व्यापारिक, सांस्कृतिक और जन-से-जन संबंधों पर आधारित व्यापक रणनीतिक साझेदारी है। यह यात्रा दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने के अवसर को भी विशेष बनाती है।
यह दौरा व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा, सुरक्षा, तकनीक, कृषि और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी की व्यापक समीक्षा करने और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
