मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया ऐलान: मध्यप्रदेश पूरी तरह नक्सलवाद मुक्त

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त घोषित किया है। यह घोषणा बालाघाट जिले में दो नक्सलियों के आत्मसमर्पण के बाद की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में 2026 तक देश से नक्सलवाद खत्म करने के संकल्प के चलते यह उपलब्धि संभव हो पाई है।
मुख्यमंत्री यादव भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बालाघाट में नक्सलियों के आत्मसमर्पण से जुड़े ‘रीहैबिलिटेशन टू रीजुवनेशन’ अभियान के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। बालाघाट जिले के बिरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरका स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) कैंप में नक्सली दीपक और रोहित ने कल आत्मसमर्पण किया।
नक्सली दीपक पर 29 लाख रुपये और रोहित पर 14 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक दोनों ने मुख्यधारा में लौटने की इच्छा जताते हुए आत्मसमर्पण किया। बालाघाट के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि अब जिले में कोई भी हार्डकोर नक्सली सक्रिय नहीं है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि पुलिस अधिकारियों और जवानों के साहस एवं बलिदान के कारण बालाघाट से ‘लाल सलाम’ को अंतिम सलामी दे दी गई है।
