बिहार को मिली आधुनिक रेल कनेक्टिविटी की नई सौगात

download

बिहार को रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि मिलने जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना जंक्शन से 07 नई ट्रेनों का शुभारंभ करेंगे। इनमें 03 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें भी शामिल हैं। रेल मंत्री इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

अमृत भारत एक्सप्रेस, जो मध्यम वर्ग और आम लोगों के बीच लोकप्रियता हासिल कर चुकी है, की वर्तमान में 12 सेवाएं देशभर में चल रही हैं। इनमें से 10 ट्रेनें बिहार से संचालित होती हैं। तीन नई ट्रेनों के शुरू होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 15 हो जाएगी, जिनमें से 13 बिहार से चलेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से यह बिहारवासियों के लिए बड़ी सौगात है।

नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें निम्नलिखित रूटों पर चलाई जाएंगी:

  • मुजफ्फरपुर – हैदराबाद (चर्लपल्ली)
  • दरभंगा – अजमेर (मदार जं.)
  • छपरा – आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली)

इन ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए अत्याधुनिक तकनीकें उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें सेमी-ऑटोमेटिक कपलर, फायर डिटेक्शन सिस्टम, सील्ड गैंगवे, टॉकबैक यूनिट और नॉन-एसी कोच में भी उन्नत सुरक्षा तकनीक शामिल है। यह ट्रेन न केवल तेज और किफायती यात्रा का विकल्प है, बल्कि भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की पहचान भी बन चुकी है।

इसके साथ ही, पटना-इसलामपुर पैसेंजर और नवादा-पटना पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन अब नई लाइन—जट डुमरी-फाजिलचक-तोपसरथुआ-दनियावां मार्ग से होगा, जिससे इस क्षेत्र के लोगों को भी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।

रेल मंत्री और उपमुख्यमंत्री द्वारा जिन अन्य ट्रेनों को हरी झंडी दी जाएगी, उनमें शामिल हैं:

  • पटना-बक्सर पैसेंजर
  • झाझा-दानापुर पैसेंजर
  • शेखपुरा-बरबीघा मार्ग से नवादा-पटना पैसेंजर

विशेष रूप से, शेखपुरा-बरबीघा-बिहार शरीफ मार्ग पर नवादा से पटना के लिए पैसेंजर सेवा शुरू होने से बरबीघा, अस्थावां और बिहार शरीफ क्षेत्र के लोगों का वर्षों पुराना सपना पूरा होगा। हाल ही में इस रेलखंड का सीआरएस निरीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है।

यह कदम न सिर्फ बिहार की रेल कनेक्टिविटी को नई ऊँचाइयाँ देगा, बल्कि “विकसित बिहार से विकसित भारत” के संकल्प को भी मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed