बिहार चुनाव के दूसरे चरण में सुरक्षा और कड़ी: DGP विनय कुमार

Untitled-1

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान से पहले सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने  11 नवंबर को होने वाले मतदान को शांतिपूर्वक कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था पहले चरण की तुलना में और भी अधिक कड़ी होगी।

20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान
दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इनमें कई जिले अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं से सटे हुए हैं, जिसके कारण सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
भारत-नेपाल सीमा से सटे सात जिलों में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। वहीं झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल की सीमाओं पर भी अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है।

सीमाएं सील, गश्त तेज
DGP ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमाएं शनिवार से पूरी तरह सील कर दी गई हैं, जबकि अंतरराज्यीय सीमाओं को रविवार शाम तक बंद कर दिया जाएगा, ताकि बाहरी तत्वों की आवाजाही पर रोक लग सके।
उन्होंने कहा कि संवेदनशील जिलों में गश्त बढ़ा दी गई है और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा निगरानी दोगुनी कर दी गई है।

1,650 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनात
शांतिपूर्ण मतदान को सुनिश्चित करने के लिए 1,650 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनात की गई हैं। इसके साथ ही राज्य पुलिस की अतिरिक्त टुकड़ियां भी भेजी गई हैं ताकि हर जिले में सख्ती से निगरानी रखी जा सके।
सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि मतदान केंद्रों पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ड्रोन निगरानी और CCTV मॉनिटरिंग
DGP विनय कुमार ने बताया कि संवेदनशील मतदान केंद्रों पर ड्रोन कैमरों से नज़र रखी जाएगी। साथ ही, CCTV मॉनिटरिंग और क्विक रिस्पॉन्स टीमों की तैनाती की गई है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा की हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर बारीकी से नज़र रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को समाप्त किया जा सके।

मतदाताओं से निडर होकर वोट डालने की अपील
DGP ने मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का पर्व है और हर मतदाता को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना पुलिस की ज़िम्मेदारी है।

बिहार में पहले चरण का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ था। अब दूसरे चरण की ओर सभी की नज़र है, जहां कई संवेदनशील क्षेत्र शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तैयारी में हैं ताकि 11 नवंबर को मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed