बिहार विधानसभा चुनाव 2025: एनडीए ने जारी किया घोषणापत्र, ‘पंचामृत गारंटी’ से जीत की जमीन मजबूत करने की कोशिश

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने शुक्रवार को राजधानी पटना में अपना घोषणापत्र जारी किया। इस घोषणापत्र को गठबंधन ने “पंचामृत गारंटी” का नाम दिया है। इसमें जनता से पाँच बड़े वादे किए गए हैं, जिनमें गरीब परिवारों को मुफ्त राशन, 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली, 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज, 50 लाख पक्के मकान और सामाजिक सुरक्षा पेंशन की गारंटी शामिल है।
एनडीए ने दावा किया कि यह घोषणापत्र सिर्फ एक दस्तावेज नहीं, बल्कि अगले पाँच वर्षों में बिहार के विकास की रुपरेखा है। नेताओं ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की साझेदारी ने पिछले वर्षों में बिहार के विकास को नई दिशा दी है और आने वाले समय में जनता को और अधिक लाभ मिलेगा।
घोषणापत्र के केंद्र में पाँच प्रमुख वादे हैं, जिन्हें एनडीए ने “पंचामृत गारंटी” कहा—
गरीबों को मुफ्त राशन घोषणापत्र के तहत बिहार की गरीब और वंचित आबादी को नियमित रूप से मुफ्त अनाज उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। यह योजना खाद्य सुरक्षा को मजबूत करेगी और खाद्य सामग्री की समस्या से जूझ रहे परिवारों को राहत देगी।
125 यूनिट मुफ्त बिजली गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का वादा किया गया है। बिजली बिल को लेकर परेशान जनता के लिए यह राहत भरी योजना साबित हो सकती है। इससे घरेलू खर्च कम होने की उम्मीद है।
5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए एनडीए ने 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज सुनिश्चित करने का वादा किया है। यह सुविधा गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक संकट से बचाने में मदद करेगी।
50 लाख पक्के मकान एनडीए ने दावा किया है कि सत्ता में आने पर राज्य में 50 लाख पक्के मकान उपलब्ध कराए जाएंगे। यह वादा आवास योजना के दायरे को व्यापक करेगा और लाखों परिवारों को स्थायी आवास मिल सकेगा।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन घोषणापत्र में बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना को और सशक्त बनाने का वादा किया गया है। इससे जीवनयापन में आर्थिक सहयोग मिलेगा।
एनडीए ने अपने घोषणापत्र को जनता के विश्वास से जोड़ते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में बिहार ने विकास के कई नए अध्याय लिखे हैं—
- सड़क, बिजली और शिक्षा के क्षेत्र में सुधार
- स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
- गरीबी उन्मूलन की पहल
नेताओं ने कहा कि ये पाँच गारंटी बिहार को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महागठबंधन ने बीते वर्षों में बिहार को पीछे धकेलने का काम किया।
