राहुल गांधी और तेजस्वी यादव कल से शुरू करेंगे संयुक्त चुनावी अभियान, महागठबंधन ने जारी किया ‘बिहार का तेजस्वी प्रण’

महागठबंधन ने मंगलवार को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपना संयुक्त घोषणा पत्र ‘बिहार का तेजस्वी प्रण’ जारी किया। इस घोषणा पत्र के साथ ही गठबंधन ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि तेजस्वी यादव ही महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरा होंगे। घोषणा पत्र के कवर पेज पर तेजस्वी यादव की अकेली तस्वीर है और शीर्षक में उनका नाम शामिल कर यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि पूरा चुनाव अभियान अब उन्हीं के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
घोषणा पत्र जारी होने के अगले ही दिन यानी बुधवार से राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बिहार में संयुक्त चुनावी रैलियों की शुरुआत करेंगे। यह राहुल गांधी का वोटर अधिकार यात्रा के बाद बिहार का पहला दौरा होगा। इस दौरान दोनों नेता राज्यभर में संयुक्त रूप से रैलियां और जनसभाएं करेंगे, जिसमें महागठबंधन की प्रमुख नीतियों और वादों को जनता तक पहुंचाने की योजना है।
‘बिहार का तेजस्वी प्रण’ में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार मुक्त शासन को लेकर कई वादे किए गए हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि यह घोषणा पत्र बिहार के भविष्य का रोडमैप है और युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में गठबंधन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। महागठबंधन का मानना है कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की संयुक्त रैलियां चुनाव प्रचार में नई ऊर्जा और जोश भरेंगी।
