अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस और असाही इंडिया ग्लास के बीच हाइब्रिड बिजली आपूर्ति समझौता, बढ़ेगी ग्रीन एनर्जी हिस्सेदारी
अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) ने असाही इंडिया ग्लास लिमिटेड (AIS) के साथ हाइब्रिड बिजली आपूर्ति को लेकर एक अहम समझौता किया है। इस डील के तहत AESL हरियाणा, उत्तराखंड और गुजरात में स्थित असाही इंडिया ग्लास के प्लांट्स के लिए सालाना कुल 15.50 करोड़ यूनिट बिजली का प्रबंधन करेगा। इसमें से करीब 11 करोड़ यूनिट बिजली नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से उपलब्ध कराई जाएगी।
इस समझौते के बाद असाही इंडिया ग्लास की कुल ऊर्जा खपत में नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी बढ़कर लगभग 70 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी। कंपनी का मानना है कि इससे न केवल उसके पर्यावरणीय लक्ष्यों को मजबूती मिलेगी, बल्कि कार्बन उत्सर्जन में भी बड़ी कमी आएगी। अनुमान के मुताबिक इस करार से सालाना करीब 72,300 मीट्रिक टन कार्बन उत्सर्जन कम होगा।
ऊर्जा आपूर्ति के इस हाइब्रिड मॉडल से असाही इंडिया ग्लास को लागत के स्तर पर भी फायदा मिलने की उम्मीद है। कंपनी की ऊर्जा लागत अधिक स्थिर रहेगी, जिससे उत्पादन खर्च पर नियंत्रण बना रहेगा और लंबे समय में संचालन को मजबूती मिलेगी। यह कदम उद्योग में स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि यह समझौता ऐसे समय में हुआ है, जब अदाणी समूह से जुड़ी कंपनियां अमेरिकी एसईसी जांच से संबंधित खबरों को लेकर सुर्खियों में हैं। इसके बावजूद अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस का यह करार दिखाता है कि कंपनी अपने कारोबार और नवीकरणीय ऊर्जा विस्तार की रणनीति पर लगातार आगे बढ़ रही है।
