नए साल पर कटरा जाने वालों के लिए खुशखबरी, नई दिल्ली से वैष्णो देवी के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

Untitled-3

नए साल के मौके पर माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जम्मू कश्मीर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तरी रेलवे के जम्मू डिवीजन ने नई दिल्ली और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच स्पेशल आरक्षित ट्रेनों के संचालन का ऐलान किया है। ये विशेष ट्रेनें आज से लेकर 1 जनवरी 2026 तक चलेंगी ताकि त्योहारों और छुट्टियों के दौरान तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो। हर ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए गए हैं जिससे ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को सुविधा मिल सके।

स्पेशल ट्रेन नंबर 04081 नई दिल्ली से कटरा के लिए आज से 31 दिसंबर तक पांच फेरे लगाएगी। यह ट्रेन रात 11 बजकर 45 मिनट पर नई दिल्ली से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12 बजे कटरा पहुंचेगी। वहीं वापसी के लिए ट्रेन नंबर 04082 कटरा से नई दिल्ली के बीच 28 दिसंबर से 1 जनवरी तक पांच बार चलाई जाएगी। यह ट्रेन रात 9 बजकर 20 मिनट पर कटरा से चलेगी और अगले दिन सुबह 10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

जम्मू डिवीजन के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों को बढ़ती पर्यटक संख्या और स्थानीय लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है। इससे छुट्टियों के दौरान भीड़ को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा और लोग अपने परिवार के साथ नए साल का जश्न आसानी से मना सकेंगे।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन का समय जरूर जांच लें क्योंकि परिचालन कारणों से समय में बदलाव हो सकता है। इन स्पेशल ट्रेनों के टिकट भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अधिकृत टिकट एजेंटों के जरिए बुक किए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed